जी भारत न्यूज24
छात्रों ने दिखाई वैज्ञानिक सोच और सांस्कृतिक प्रतिभा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी पेश की
उन्नाव। डी.एस.एन. पी.जी. कॉलेज में शनिवार को 29वें जनपद स्तरीय युवा उत्सव एवं विज्ञान मेला प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिलेभर के छात्र-छात्राओं ने अपनी वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर इसका शुभारंभ किया। बता दे कि जिलाधिकारी गौरांग राठी ने बताया कि यह 29वां युवा उत्सव है, जिसका उद्घाटन उनके और पुलिस अधीक्षक द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि यहां वैज्ञानिक युवा प्रतिभाओं की प्रदर्शनियाँ देखी गईं, जहां बच्चों ने विभिन्न प्रोजेक्ट्स के माध्यम से समस्याओं को हल करने का प्रयास किया है। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी सराहनीय रहीं। विज्ञान प्रदर्शनी में लगभग 15 वर्किंग मॉडल्स और प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए गए। इनमें पर्यावरण संरक्षण, नवीकरणीय ऊर्जा, जल प्रबंधन, स्वच्छता और डिजिटल नवाचार जैसे विषयों पर विद्यार्थियों ने अपने प्रयोग दिखाए। सांस्कृतिक मंच पर लोकगीत, नृत्य, नाटक और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दी गईं। डीएम राठी ने कहा कि वैज्ञानिक प्रदर्शनी और सांस्कृतिक कार्यक्रम इस उत्सव के दो मुख्य स्तंभ हैं, जो विद्यार्थियों के समग्र विकास को दर्शाते हैं। उन्होंने छात्रों को अपनी पढ़ाई को वास्तविक समस्याओं से जोड़ने की सलाह दी, ताकि उन्हें व्यावहारिक ज्ञान मिल सके, जो भविष्य में उनके लिए उपयोगी होगा। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य, शिक्षकगण और विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला युवा कल्याण विभाग की देखरेख में हुआ। उत्सव के समापन पर उत्कृष्ट प्रोजेक्ट्स और प्रस्तुतियों को पुरस्कृत किया गया।




