जी भारत न्यूज24
प्लास्टिक थैली छोड़ो कपड़े का थैला पकड़ो
भिण्ड। अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्ति दिवस के अवसर पर भारत विकास परिषद शाखा जागृति के सदस्यों ने स्थानीय सब्जी मंडी में प्लास्टिक की थैली के विरुद्ध अभियान चलाया।
इस अवसर पर शाखा के सदस्यों ने स्थानीय सब्जी विक्रेताओं एवं खरीदारों को प्लास्टिक की थैली के दुष्प्रभाव के बारे में जानकारी दी। सदस्यों ने उपस्थित दुकानदारों एवं खरीदारों को कपड़े के थैले उपलब्ध कराये। शाखा सदस्य गगन शर्मा ने बताया की हर वर्ष 1 ट्रिलियन प्लास्टिक के बैग की खपत होती है जो की बहुत हानिकारक है। स्नेह लता भदौरिया ने समझाया कि प्लास्टिक की थैली की उपलब्धता आसानी से हो जाती है इसलिए इसका उपयोग दिन प्रतिदिन बढ़ रहा है
जबकि कपड़े की थैली भी सहज रूप से उपलब्ध होने लगी है और अधिक महंगी भी नहीं है। पूर्व अध्यक्ष आभा जैन ने बताया कि इस तरह के कपड़े की थैलियां बाजार में तौलकर आसानी से उपलब्ध हो रही है।
शाखा जागृति के सदस्यों ने मिलकर कपड़े की थैलिययों का वितरण किया और लोगों को इसका प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। शाखा संस्थापक अरुणा पाठक ने बताया कि कुछ प्लास्टिक घटकों में मिलकर भोजन के साथ विषाक्त प्रभाव की आशंका रहती है, इसलिए हमें प्लास्टिक थैली के संपूर्ण रोक का संकल्प लेना होगा।
समाजसेवी सुरेश बरुआ ने बताया की शाखा जागृति इस अभियान को निरंतर चलाती रहेगी।
उपस्थित लोगों ने शाखा जागृति के इस अभियान की बहुत तारीफ की और प्लास्टिक थैली की उपयोग को छोड़ने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर नगर समन्वयक धीरज शुक्ला, अनामिका ताम्रकार, अन्नपूर्णा शर्मा, गीता दीक्षित, सीमा त्रिपाठी, डॉक्टर आलोक त्रिपाठी, मनोज दीक्षित आदि उपस्थित रहे।




