जी भारत न्यूज24
भिंड। मध्य प्रदेश के भिंड जिला मुख्यालय पर गुरुवार (18 जून, 2026) को कांग्रेस और महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्तीकरण के विरोध में कांग्रेसियों ने परेड चौराहा पर एकत्रित होकर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सरकार का पुतला दहन कर अपना आक्रोश व्यक्त किया।
यह विरोध प्रदर्शन मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव शांति कुशवाह की अध्यक्षता तथा भिंड ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रामशेष बघेल की विशेष उपस्थिति में आयोजित किया गया।
पुतला दहन के बाद कलेक्ट्रेट कूच, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
परेड चौराहे पर उग्र प्रदर्शन और पुतला दहन करने के बाद कांग्रेस एवं महिला कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली के रूप में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने एसडीएम महोदय को एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने, देश में निष्पक्ष राजनीतिक प्रक्रिया सुनिश्चित करने तथा मीनाक्षी नटराजन के नामांकन निरस्तीकरण प्रकरण की उच्च स्तरीय व निष्पक्ष जांच कराने की पुरजोर मांग की।
लोकतंत्र की आवाज दबाने का प्रयास बर्दाश्त नहीं: कांग्रेस नेता
इस अवसर पर प्रदर्शन को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने भाजपा सरकार पर तानाशाही का आरोप लगाया। नेताओं ने कहा कि देश में लोकतंत्र की आवाज को दबाने का कोई भी प्रयास किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस पार्टी देश के संविधान, लोकतंत्र और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से लेकर संसद तक सदैव संघर्षरत रहेगी।
कांग्रेस का संकल्प:
“लोकतंत्र की रक्षा करना हमारा परम संकल्प है। देश के संविधान और जनता के लोकतांत्रिक अधिकारों पर किसी भी प्रकार का कुठाराघात बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”




