जी भारत न्यूज24
सिटी कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई; 3000-3000 रुपये के फरार इनामी आरोपियों को पुलिस ने दबोचा, अस्पताल परिसर से हुई गिरफ्तारी
भिंड। जिला अस्पताल भिंड में एम्बुलेंस चलाने के विवाद को लेकर फरियादी से अवैध वसूली करने और जान से मारने की धमकी देने वाले दो शातिर और फरार इनामी आरोपियों को सिटी कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। दोनों आरोपियों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 3000-3000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
यह था पूरा मामला: एम्बुलेंस चलाने के बदले मांग रहे थे रंगदारी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जिला अस्पताल भिंड में एम्बुलेंस गाड़ी चलाने के विवाद से जुड़ा हुआ है। दिनांक 20.01.2025 को फरियादी ने सिटी कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपियों द्वारा उस पर अस्पताल में एम्बुलेंस चलाने के बदले 5000 रुपये महीना अवैध वसूली (रंगदारी) देने का लगातार दबाव बनाया जा रहा था।
पीड़ित फरियादी ने आरोपियों को 3000 रुपये दे भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों ने उसे एम्बुलेंस नहीं चलाने दी और और अधिक पैसों की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। फरियादी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 33/25 धारा 308(5), 296, 351(3), 3(5) बीएनएस (BNS) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपियों की गिरफ्तारी पर 3000-3000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
मुखबिर की सूचना पर जिला अस्पताल परिसर से ही दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक भिंड सूरज कुमार वर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना सिटी कोतवाली पुलिस द्वारा आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
दिनांक 16.06.2026 को विवेचना के दौरान पुलिस टीम को मुखबिर के जरिए पुख्ता सूचना प्राप्त हुई कि उक्त मामले के फरार आरोपी जिला अस्पताल भिंड के परिसर में ही घूम रहे हैं। मुखबिर की सूचना को गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की और बताए गए स्थान से दोनों इनामी आरोपियों को धर दबोचा।
पकड़े गए आरोपियों के नाम व पते:
नीरज जाटव पुत्र सुरेंद्र सिंह जाटव (उम्र 28 साल), निवासी- बड़ी माता मंदिर के पास, भवानीपुर, भिंड।
विशाल नागर पुत्र रघुराज सिंह नागर (उम्र 30 साल), निवासी- श्री कृष्णा कॉलोनी, थाना देहात, भिंड।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए इन दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
इस सराहनीय कार्रवाई में शामिल रही पुलिस टीम
इस अंधे मोड़ पर पहुंचे मामले का पर्दाफाश करने और इनामी बदमाशों को सलाखों के पीछे भेजने में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश शाक्य, उपनिरीक्षक (उनि०) गणेश तोमर, प्रधान आरक्षक (प्रआर०) 608 अनिल शर्मा, प्रआर० 332 नीरज भदौरिया, आरक्षक (आर०) 303 उमाशंकर, आर० 760 संदीप राजावत, आर० 309 अभिषेक यादव, आर० 319 सौरभ शर्मा और आर० 1078 अभिषेक सिकरवार की सराहनीय भूमिका रही।
ब्यूरो रिपोर्ट: ज़ी भारत न्यूज़ 24 (भिंड)




