जी भारत न्यूज24
उन्नाव। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी गुरुवार को उन्नाव पहुंचे, जहां उन्होंने सड़क हादसे में जान गंवाने वाले भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता हैप्पी राजपूत को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उनके साथ उन्नाव सांसद स्वामी साक्षी महाराज और जिलाध्यक्ष अनुराग अवस्थी भी मौजूद रहे। दही थाना क्षेत्र के मुर्तजानगर निवासी भाजपा युवा मोर्चा के सक्रिय कार्यकर्ता हैप्पी राजपूत (27), पुत्र विजय की बीते 12 जनवरी को थाना असोहा क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। हादसे के वक्त हैप्पी राजपूत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत कार्यक्रम में जा रहे थे। इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई थी। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मृतक के घर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हैप्पी राजपूत पार्टी का एक कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता था, जिसकी असमय मौत से पार्टी को गहरा आघात पहुंचा है। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि भाजपा इस कठिन समय में उनके साथ खड़ी है। हैप्पी राजपूत भाजपा युवा मोर्चा का एक सक्रिय और मेहनती कार्यकर्ता था। उसकी इस तरह असमय मृत्यु बेहद दुखद है। परिवार पहले ही एक बेटे को खो चुका है, ऐसे में यह पीड़ा और भी बड़ी है। पार्टी परिवार के साथ है और हर संभव सहयोग करेगी। सरकार की दुर्घटना बीमा योजना के तहत परिवार को 5 लाख रुपये की सहायता दी गई है। इसके अलावा भाजपा की ओर से 5 लाख रुपये, युवा मोर्चा की टीम से 2 लाख रुपये और स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा लगभग 5 लाख रुपये की अतिरिक्त सहायता दी गई है। यह सहयोग परिवार के साथ हमारी संवेदना का प्रतीक है। इस मौके पर सांसद स्वामी साक्षी महाराज ने भी परिजनों को सांत्वना दी और कहा कि किसी भी मदद से बेटे की कमी पूरी नहीं की जा सकती, लेकिन पार्टी परिवार को अकेला नहीं छोड़ेगी।श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। सभी ने मृतक के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। क्षेत्र में अब भी शोक का माहौल है और लोग हैप्पी राजपूत को एक मिलनसार और जुझारू कार्यकर्ता के रूप में याद कर रहे हैं।




