जी भारत न्यूज24
बांगरमऊ,उन्नाव।
मानव उत्थान सेवा समिति की अध्यक्ष सुनीता कुशवाहा ने बेसिक शिक्षा विभाग के महानिदेशक को पत्र भेज कर परिषदीय विद्यालयों में मध्यान्ह भोजन बनाने वाली रसोईयों का मानदेय बढ़ाने की मांग उठाई है।
प्रेषित पत्र में श्रीमती कुशवाहा ने कहा है कि सरकार एक ओर बच्चों के पोषण की बात करती है। दूसरी ओर उन्हीं बच्चों के लिए भोजन बनाने वाली रसोइयों को सम्मानजनक जीवन से वंचित रखा गया है। यह दोहरा मापदंड अब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने न्यूनतम मजदूरी अधिनियम 1948 के अनुरूप मानदेय निर्धारित करने की मांग उठाई है। उन्होंने रसोइयों का मानदेय तत्काल बढ़ाकर कम से कम 10 हजार रुपए प्रतिमाह किए जाने की मांग उठाई है। साथ ही उन्होंने रसोइयों को ईएसआई/पीएफ, दुर्घटना बीमा, सेवा-सुरक्षा और कार्य-निरंतरता जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएँ दिए जाने की भी मांग की है। अन्त मे श्रीमती कुशवाहा ने दो टूक चेतावनी देते हुए कहा कि यदि प्रशासन द्वारा शीघ्र इस मामले का संज्ञान नहीं लिया गया, तो मानव उत्थान सेवा समिति न्याय के लिए न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाने को बाध्य होगी।




